भरवाईं (ऊना)। भरवाईं में सड़क हादसे के दौरान ड्यूटी निभाते हुए अपनी जान गंवाने वाले पुलिस के एसआई राजेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। जांच में सामने आया कि हादसे के लिए दोनों बस चालकों की लापरवाही जिम्मेदार थी। ऐसे में अब पुलिस दोनों बस चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी में है। इस पूरे मामले की जांच डीएसपी अंब अनिल पटियाल स्वयं कर रहे हैं।
विज्ञापन
17 अक्तूबर रात को भरवाईं में एक निजी बस और हरियाणा रोडवेज की बस के बीच टक्कर होने के बाद सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। इसी दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु करवाने और सड़क से जाम खुलवाने के लिए एसआई राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और यातायात बहाल कराने लगे। इसी बीच दोनों बसों की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। पुलिस ने दोनों बसों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना में ऊना की निजी बस और हरियाणा रोडवेज की बस शामिल थी। पुलिस ने दोनों बस चालकों को थाने में तलब कर उनसे पूछताछ की और हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की। इसके अलावा दुर्घटना के कारणों और दोनों बस चालकों की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई गई। जांच में दोनों बस चालकों की गलती सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, हादसे के बाद कब्जे में ली गई ऊना की निजी बस को न्यायालय के आदेश के बाद रिलीज कर दिया गया। हरियाणा रोडवेज की बस अभी पुलिस के कब्जे में है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि मामले की जांच वह स्वयं कर रहे हैं। हादसे में दोनों बस चालकों की गलती सामने आई है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।