नंगल। विश्व प्रसिद्ध भाखड़ा डैम शुक्रवार 58 वर्ष का हो गया। बीबीएमबी चेयरमैन संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाखड़ा डैम में कार्यक्रम आयोजित कर भाखड़ा बांध निर्माण काल के दौरान शहीद हुए मजदूरों व प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर हिमाचल पुलिस के जवानों द्वारा भाखड़ा डैम के निर्माण के दौरान शहीद होने वाले लोगों को सलामी दी। स्थापना दिवस पर लड्डू भी बांटे गए।
बीबीएमबी के चेयरमैन संजय श्री वास्तव ने कहा कि भाखड़ा डैम ने पंजाब व हरियाणा सहित देश में बिजली और कृषि क्षेत्र खुशहाली लाई है। भाखड़ा डैैम के निर्माण से पहले यह पानी तबाही लेकर आता था और इस पानी का सदुपयोग नहीं होता था, लेकिन भाखड़ा डैम के निर्माण के उपरांत न केवल बड़ी मात्रा में हो रहे बिजली उत्पादन से कई राज्य जगमगा रहे है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्य में हरितक्रांति आई है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में पेंटिंग प्रतियोगिता, योग, कोरोना टीकाकरण, नाटकों के मंचन से लेकर हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। 10 किलोमीटर की हाफ मैराथन में योगेश सैनी विजेता रहे।
उधर, सतलुज सदन पंहुचने पर चेयरमैन को बीबीएमबी के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से रोष जताते हुए काले झंडे दिखाए। इस मौके पर मुख्य अभियंता कमलजीत सिंह, उपमुख्य अभियंता हुसन लाल कंबोज, सीपी सिंह, पीएस कटारिया, केके कचौरिया, एसडीओ गुलशन कुमार, एक्सईन राजेश वशिष्ठ, एसडीओ सुरिंद्र धीमान, एक्सईन विनोद शर्मा, एपीआरओ सतनाम सिंह व अन्य मौजूद रहे।