संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद में लगभग 4.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का नए भवन तीन माह के भीतर आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। नए भवन को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इससे लोगों को भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नए भवन के बनने से नगर परिषद सहित समीपवर्ती लगभग आधा दर्जन गांवों के लोगों को भी लाभ मिल पाएगा। करीब दो साल में बनकर तैयार हुई इस इमारत का अब उद्घाटन होना है। तीन मंजिला भवन में भूतल पर आपातकाल ओपीडी बनाई गई है। इसमें मरीजों को तत्काल जांच की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही पंजीकरण कक्ष भी तैयार किया गया है। इसके अलावा भूतल पर ही छोटे ऑपरेशन के लिए एक माइनर ओटी रूम भी बनाया गया है। ऐसे में मरीजों के छोटे-मोटे ऑपरेशन यहीं पर किए जाएंगे।
इससे मरीजों को ऊना अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पहली मंजिल पर ओपीडी का निर्माण किया गया है। दूसरी मंजिल पर डॉक्टर और नर्सों के आराम करने के लिए कमरे बनाए गए हैं। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी इस तल पर रहेंगी, जबकि तीसरी मंजिल पर दो स्पेशल वार्ड तैयार किए गए हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू बहल ने बताया कि नए भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। संतोषगढ़ और बसदेहड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए संयुक्त रूप से नई एंबुलेंस उपलब्ध करवा दी गई है। इसका लाभ दोनों केंद्रों के तहत दर्जनों गांवों के लोग ले पाएंगे। नए भवन में मरीजों के लिए ज्यादा बेड और माइनर ओटी के साथ ही दूसरी कई सुविधाएं भी मिल पाएंगी।
कोट्स
घर के पास मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
संतोषगढ़ में 4.48 करोड़ की लागत से तैयार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नई इमारत का जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा। नए भवन के तैयार होने से लोगों को घर के पास ही बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
-सतपाल सिंह सत्ती, राज्य वित्तायोग अध्यक्ष
पूर्व में स्वीकृत कार्य धरातल पर उतर रहे
सीएचसी संतोषगढ़ के नए भवन का प्रोजेक्ट वर्ष 2015 में कांग्रेस सरकार के समय में ही तैयार किया गया। इस कार्य का शिलान्यास पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने किया था। पूर्व कांग्रेस के स्वीकृत विकास कार्य अब धरातल पर उतर रहे हैं।
-सतपाल रायजादा, विधायक सदर