बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के मंदली से सिलाई सेंटर स्थानांतरित होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। सिलाई केंद्र में युवतियों को भेजकर ग्रामीण आत्मनिर्भरता से जोड़ रहे थे लेकिन अब यह सुविधा नहीं रहने से ग्रामीण परेशान हैं। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत मंदली के लोगों का दर्द उस समय छलक पड़ा, जब उन्हें सिलाई केंद्र के स्थानांतरित होने की सूचना मिली। यह केंद्र 22 वर्षों से मंदली पंचायत में चल रहा था।
मंदली पंचायत के उपप्रधान कैप्टन रघुवीर सिंह, जोगिंद्र सिंह, तिलक राज, संजीव कुमार, जीवन कुमार, पृथ्वी राम, लोंगू राम, कमलेश कुमारी, शक्ति सिंह, जगदेव सिंह, संदीप कुमार, सुमन देवी और रोशनलाल समेत अन्य ग्रामीणों ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक रसूख के बल पर पर कई वर्षों से मंदली में स्थापित सिलाई केंद्र को दूसरी पंचायत में स्थानांतरित किया जा रहा है। केंद्र के स्थानांतरित होने से यहां की बेटियां आत्मनिर्भर बनने से महरूम रह जाएंगी।
ग्रामीणों का कहना है कि राजनीतिक दबाव के आगे विभाग भी विवश दिख रहा है। अगर विभाग ने अपने इस निर्णय को वापिस न लिया तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
इनसेट
बीडीओ बंगाणा यशपाल सिंह परमार का कहना है कि सिलाई केंद्र मंदली को बल्ह खालसा में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह आदेश निदेशालय शिमला से जारी हुए हैं।