दुलहैड़ (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी दिवंगत पत्नी के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से निराधार और भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में हरोली पुलिस ने आरोपी रोहित कटवाल को गिरफ्तार किया है।
रविवार को ही उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने बीटन निवासी संदीप कुमार पुत्र जोगिंद्र पाल की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने फेसबुक पर रोहित कटवाल नामक पेज पर एक पोस्ट देखी, जिसमें बिना किसी तथ्य, साक्ष्य या आधार के उपमुख्यमंत्री की संलिप्तता को लेकर आरोप लगाए गए थे। साथ ही उपमुख्यमंत्री की दिवंगत पत्नी के संबंध में भी कथित रूप से अपमानजनक और असत्य टिप्पणियां की गईं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिस मामले में पहले से दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज हैं और मामला जांच व न्यायिक प्रक्रिया में है, उसे आरोपी ने सोशल मीडिया पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर राजनीतिक रूप से प्रेरित हमला बताने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी उस मामले में न तो शिकायतकर्ता है, न पीड़ित, न आरोपी और न ही किसी प्रकार का पक्षकार, इसके बावजूद वह भ्रामक जानकारी प्रसारित कर जनता के बीच गलत नैरेटिव तैयार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से भी इसी प्रकार के एक मामले में जमानत पर था लेकिन उसके बावजूद उसने अपने आचरण में सुधार नहीं किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।