नंगल में अपने समर्थकों के साथ विजय चिन्ह बनाते शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस। संवाद
नंगल(ऊना)। बहुमत न होने के बावजूद आखिर आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सबसे बड़े बजट वाली नंगल नगर काउंसिल पर अपना कब्जा जमाया है। इस दौरान भाजपा-कांग्रेस पार्टी ने चुनाव का बहिष्कार किया।
इस अवसर पर नगर काउंसिल के कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बता दें कि 19 वार्डों वाली नगर काउंसिल में आम आम आदमी पार्टी के सात, कांग्रेस के आठ, भाजपा के तीन जबकि एक आजाद पार्षद ने चुनाव में जीत हासिल की थी।
मंगलवार दोपहर 12 बजे अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने तय हुए। इसके बारे में एसडीएम नंगल सचिन पाठक द्वारा लिखित जानकारी के अलावा ई-मेल के माध्यम से जानकारी साझा की।
मंगलवार को तय समय पर जब कांग्रेस व भाजपा के पार्षद मौके पर नहीं पंहुचे तो चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी करवाई गई। चुनाव प्रक्रिया में सात आप के पार्षदों के अलावा एक आजाद प्रत्याशी ने भी आम आदमी पार्टी को समर्थन करने की घोषणा की। इस मौके पर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने स्थानीय विधायक होने के चलते चुनावों में हिस्सा लिया।
इस दौरान किरन बाला को अध्यक्ष, रमेश महाशा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष व जसप्रीत कौर को उपाध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर पंजाब के शिक्षा मंत्री एडवोकेट हरजोत सिंह बैंस ने चुने गए प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए पूरी ईमानदारी से शहरवासियों की सेवा करने को कहा।
उन्होंने शहर को प्रदेश के सबसे खूबसूरत और सभी सुविधाओं से परिपूर्ण शहर बनाने का वादा किया। मौके पर गुरु रविदास आयुर्वेद यूनिवर्सिटी पंजाब के चेयरमैन संजीव गौतम, दीपक सोनी, एसडीएम नंगल और तहसीलदार सुमित ढिल्लों भी मौजूद रहे।