बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत जबेहड़ के गांव लंडेड़ टिकरी में वीरवार देर रात अजय कुमार (25) पुत्र स्वर्गीय जीत सिंह को सांप ने डस लिया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अजय कुमार घर में सोया हुआ था, रात को अचानक सांप ने उसे डस लिया। परिजनों के अनुसार, अजय ने सांप को देखकर घबराते हुए तुरंत उन्हें आवाज लगाई। परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल अंब ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताकर ऊना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि ऊना अस्पताल में अजय को उचित उपचार नहीं मिल पाया। अंब में जो इंजेक्शन लगाए गए थे, वही ऊना में भी दोहराए गए। हालत बिगड़ती देख परिजनों ने उसे होशियारपुर रेफर करने की मांग की। दुर्भाग्यवश होशियारपुर जाते समय रास्ते में ही अजय कुमार ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को अविलंब आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। अंब थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।