ऊना। डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम नारी में पंचभीष्म महापर्व बुधवार को विधिवत रूप से आवरणी समारोह के साथ शुरू हो गया। इस दौरान आश्रम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रीश्री 1008 सुग्रीवानंद जी महाराज के सानिध्य में होने वाले इस वार्षिक महापर्व के शुभारंभ पर महाराज ने स्वयं विद्वानों को कोटी गायत्री महायज्ञ के लिए आवरणित किया। पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने डेरे में हाजिरी लगाई और महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
29 सितंबर को महाराज ने विद्वानों एवं श्रद्धालुओं के बीच यज्ञ के लिए ध्वजारोहण किया था। उसी दिन यज्ञ के लिए अखंड ज्योति भी प्रज्ज्वलित की गई थी। यह यज्ञ की ज्योति यज्ञ के समापन तक रहेगी। सदियों से चले आ रहे वार्षिक पंचभीष्म महापर्व के अवसर पर कोटी गायत्री यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाता है। इसी उपलक्ष्य में बुधवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा और कथा का समापन 5 नवंबर शाम होगा। एक माह पूर्व 29 सितंबर से शुरू हुए समस्त धार्मिक कार्यक्रम, जिसमें श्रीमद् देवी भागवत पुराण, शिव पुराण, स्कन्ध पुराण, मारकंडेय पुराण आदि की कथाएं और कोटी गायत्री महायज्ञ का समापन 6 नवंबर को दोपहर एक बजे श्री श्री सुग्रीवानंद जी महाराज स्वयं पूर्णाहुति के साथ हजारों श्रद्धालुओं के बीच होगा। इस अवसर पर पंचभीष्म के लिए स्व. पंडित अमरनाथ शर्मा के सुपुत्र पंडित राजेश शर्मा विशेष रूप से पधारे हैं। वह कई वर्षों से निरंतर पंचभीष्म पर्व पर 10 दिनों के लिए यहां आते हैं और प्रतिदिन यज्ञ के पूजन व हवन में भाग लेते हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य इंद्र दत्त उनियाल, प्रो. शिव कुमार, अश्विनी जैन, दीपक जैन, ठाकुर कुशल सिंह एवं सोमनाथ कौशल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।