नंगल (रूपनगर)। बाजार से आधे दाम पर सोना बेचने का प्रलोभन मिले तो सावधान हो जाएं। यह ठगों को बुना हुआ जाल भी हो सकता है। ऐसे ही फोन आजकल क्षेत्र के लोगों को 9672234223 नंबर से आ रहे हैं।
तिलक राज नामक युवक ने बताया कि उसे इस फोन नंबर पर बार-बार फोन आ रहे हैं कि मैं राजस्थान का रहने वाला हूं और पेशे से कुम्हार हूं। मिट्टी खोदते हुए उसे सोने के पांच बिस्कुट निकले हैं। अगर आप को चाहिए तो आप राजस्थान आ जाएं और आप को बाजार के दाम से आधे रेट पर यह बिस्कुट दे दूंगा। इसी तरह के फोन कई लोगों के पास आ चुके हैं। तिलक राज की मानें तो फोन करने वाला अपना नाम राजू प्रजापति बताता है। इस बात की पुष्टि करने के लिए जब उसी नंबर पर फोन घुमाया तो उसने भी सोना खरीदने की ऑफर दी और कहा कि वह राजस्थान के अलबर शहर के निकट नंगली गांव में रहता है। उधर, डीएसपी संत सिंह धालीवाल से संपर्क किया तो उन्होंने लोगों को इस तरह के ठगों से सचेत रहने की अपील करते हुए कहा कि ठग किस्म के लोग जनता को लूटने के नए नए तरीके ढूंढते रहते हैं। उन्हाेंने कहा कि वह खुद भी इस मामले की जांच करवाएंगे।