ऊना।
जिला अस्पताल में आपात स्थिति में उपचार लेने पहुंची एक महिला मरीज को चिकित्सक ने धक्का देकर कमरे से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ओपीडी के बाहर ही बेसुध होकर गिर गई। उसे तुरंत इमरजेंसी कक्ष में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। मामला इतना गर्मा गया कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह झुड़ोवाल की जीवन ज्योति को अचानक रक्तस्राव होने लगा। जीवन ज्योति के पति कर्मचंद उसे तुरंत 108 की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे। गंभीर हालत के चलते इमरजेंसी में पहुंची पीड़ित महिला को डॉ. इंदू भारद्वाज ने प्राथमिक उपचार देकर स्त्री रोग विशेषज्ञ से चेकअप करवाने को कहा।
इसके बाद कर्मचंद पत्नी को लेकर ओपीडी में बैठे स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचे। पीड़ित के पति कर्मचंद का आरोप है कि जैसे ही डॉक्टर के कमरे में दाखिल हुआ और अपनी समस्या बताई तो डॉक्टर ने उसकी पत्नी को देखने से इंकार कर धक्का देकर बाहर निकाल दिया। डॉक्टर के इस व्यवहार से उनकी पत्नी कमरे के बाहर बेसुध हो गई जिसे तुरंत इमरजेंसी में दाखिल करवाया गया। परिजनों का आरोप है कि चेकअप करने की जगह धक्के देकर बाहर निकाल गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले की शिकायत प्रशासन को दी जाएगी।
पुलिस ने भी मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञ ने उन पर लगे आरोपों को नकारा है।