भरवाईं में हुआ हादसा, दिहाड़ी-मजदूरी करता था विक्की
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी थाने से कुछ ही दूरी पर यात्री भवन के नजदीक वीरवार सुबह पैदल चल रहे एक युवक की ट्राले की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान विक्की पुत्र हरिलाला दास, मिर्जा टोला वार्ड-11 सरोजा थाना सितानाबाद सहरसा बिहार के तौर पर हुई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक का पता लगा लिया, हालांकि गिरफ्त से बाहर है। जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह के समय चिंतपूर्णी थाने के पास से एक ट्राला चालक सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान सड़क के किनारे चल रहे 22 साल के युवक को ट्राला चालक ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर से घायल हुए युवक को आसपास मौजूद लोगों ने अस्पताल पहंचाया, लेकिन युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा कि विक्की शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। वह चिंतपूर्णी में ही दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना के लिए भेजा गया है।
ट्रैफिक इंचार्ज दीपक राणा ने बताया कि हादसा सुबह सात बजे के करीब हुआ है। ट्राला चालक युवक को टक्कर मारकर फरार हुआ है। युवक की मौत हो गई है। जबकि टक्कर मारने वाले ट्राले को ट्रेस किया जा चुका है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।