चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। इसके चलते कई जगह अव्यवस्था का माहौल पैदा हो गया। रविवार शाम तक मंदिर में करीब 20 हजार श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी का आशीर्वाद लेने पहुंचे।
इस दौरान मंदिर को जाने वाले रास्ते के गेट नंबर दो पर दोपहर डेढ़ बजे के करीब श्रद्धालुओं की कतारें टूट गईं और सीढ़ियों के पास श्रद्धालुओं का जमघट लग गया। इस दौरान मंदिर प्रशासन के प्रबंधों के सारे दावे हवा हवाई दिखे। यही नहीं, कतारों को दुरुस्त रखने में जुटे होमगार्ड के जवान भी भीड़ के आगे बेबस नजर आए। रविवार का दिन होने के चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी ज्यादा भीड़ देखने को मिली, लेकिन सारे मंदिर क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चंद ही सुरक्षाकर्मी ही ड्यूटी पर तैनात नजर आए। शनिवार को मां के दरबार में बढ़ती भक्तों की भीड़ से भी प्रशासन ने सबक नहीं लिया और रविवार को व्यवस्था बनाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात न किए जाने से स्थानीय पुलिस और होमगार्ड जवानों को व्यवस्था बनाने के लिए खूब पसीना बहाना पड़ा। दोपहर के समय गेट नंबर दो पर भक्तों का जमघट लगा रहा। जिला उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर स्थानीय पुलिस को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। कहा कि मंदिर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए एसएचओ कुलदीप सिंह कुलदीप सिंह मौके पर भेजे गए थे। कहा कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को किसी पुरस्कार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।