फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: मां चिंतपूर्णी मंदिर में 14 हजार श्रद्धालुओं ने टेका माथा

Fri, 17 Jul 2026 12:25 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
मां चिंतपूर्णी मंदिर के बाहर कतार दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु। संवाद
विज्ञापन
चिंतपूर्णी (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में वीरवार को संक्रांति पर्व के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया और दिनभर दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर में करीब 14 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
विज्ञापन

वीरवार सुबह से ही मंदिर परिसर, मुख्य बाजार और संपर्क मार्गों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। दर्शन के लिए लगी कतारें पुराने बस स्टैंड तक पहुंच गईं। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और मंदिर कर्मचारियों की भी तैनाती रही। मंदिर आने वाले श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए और भजन-कीर्तन गाते हुए मंदिर तक पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्थानीय बाजारों में भी श्रद्धालुओं की अच्छी आवाजाही देखने को मिली, जिससे दुकानदारों और प्रसाद विक्रेताओं के कारोबार में भी रौनक रही।
इन दिनों भगवती के गुप्त नवरात्र भी चल रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दौरान साधक विशेष रूप से जप, तप, हवन और यज्ञ जैसे अनुष्ठान करते हैं, जिन्हें अत्यंत फलदायी माना जाता है। हालांकि माता चिंतपूर्णी मंदिर में गुप्त नवरात्र के दौरान विशेष सार्वजनिक आयोजन की परंपरा नहीं है।
विज्ञापन

मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि संक्रांति के अवसर पर करीब 14 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं और पूरे दिन दर्शन व्यवस्था शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें