ऊना। जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से वीरवार को जिला स्तरीय अंडर-16 क्रिकेट टीम के लिए ट्रायल आयोजित किया गया। जिला क्रिकेटर संघ के अध्यक्ष मदन पुरी और महासचिव नरेंद्र कपिल की देखरेख में जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर में आयोजित चयन प्रक्रिया में जिले के 136 के करीब युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयनित खिलाड़ियों को आगामी अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मदन पुरी ने बताया कि यह ट्रायल हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल से शुरू होने वाली अंडर-16 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए एक मजबूत और संतुलित टीम तैयार करना इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य है। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी चरण में कोचिंग कैंप के लिए चयनित किया जाएगा, जहां उन्हें प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसी कोचिंग कैंप के बाद खिलाड़ियों की प्रतिभा के आधार पर अंतिम टीम का गठन किया जाएगा जो प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
ट्रायल में तेजस शर्मा, करण सैनी, सिद्धार्थ रायजादा, वैभव शर्मा, अतिक्ष शर्मा, सारांश शर्मा, हरशित शर्मा, अक्ष जसबाल, अनिरुद्ध शर्मा, यशवर्धन, उत्काया बाली, आदि, अर्पित शर्मा, आरव जसवाल, रोबिन, समीर सिंह चौहान, माधव भारद्वाज, अभिनव, तुशार, दिव्यांश, नमिश कालिया, इशान मोदगिल, नितिन धीमान, अक्षित राणा, सार्थक दत्ता, संमीत, सुमित संदल, प्रिंस सोनी, अंकुश कुमार, आदित्य वशिष्ट, अतुल शर्मा, अरवित संधु, हरमन बांगा, अराय ठाकुर, हिमांश शर्मा, पारस शर्मा व कृष्ण शर्मा चयनित हुए हैं।