फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल में छात्राओं से साफ करवाए शौचालय

विज्ञापन
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

विज्ञापन

टाहलीवाल (ऊना)। हरोली विस क्षेत्र के तहत एक प्राइमरी स्कूल नंगल बट्ट में छात्राओं से शौचालय को साफ करवाने का मामला उजागर हुआ है। बच्चों से शौचालय साफ करवाने का पता चलते ही अभिभावकों ने स्कूल पहुंच कर रोष जताया। हालांकि, लोगों के हस्तक्षेप से स्कूल मुखिया ने आगे से बच्चों से टॉयलेट साफ नहीं करवाने को लेकर मामला सुलझा लिया। हरोली के तहत प्राथमिक स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों से स्कूल में शौचालय साफ करवाए जा रहे थे कि किसी ने वीडियो वायरल कर दिया। इस पर अभिभावक भड़क गए और अभिभावक स्कूल में एकत्रित होना शुरू हो गए।

अभिभावकों में हेमलता, जसपाल, सुनीता, रजनी, सुरेंद्र, विपिन, पूजा, प्रीति, सुमन, तारो देवी, संतोष कुमारी, विकास, किरण देवी, रणवीर, करनैल, सतीश, यशपाल रजनी और अन्य अभिभावकों ने बताया कि बच्चों से स्कूल में शौचालयों की सफाई करवाने की जानकारी मिली। बच्चों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से उनसे शौचालय साफ करवाए जा रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि हम अपने बच्चों को स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजते हैं न कि शौचालय की सफाई के लिए। स्कूल में शौचालय की सफाई की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद क बढ़ता देख गांव की ही एक बुजुर्ग महिला चंद कौर ने सफाई का जिम्मा लिया है।
विज्ञापन


चंद कौर ने कहा कि जब तक स्कूल में वाटर कॅरिअर की पोस्ट भरी नहीं जाती, तब तक वह बिना किसी वेतन के स्कूल में सफाई करेंगी। स्कूल हेडमास्टर सुमन देवी ने कहा कि उन्होंने स्वच्छता पखवाड़े का हवाला देते हुए कहा कि स्कूल में कुल 138 बच्चे पढ़ते हैं और उनके हाउस बनाए गए हैं। इसके तहत बच्चों से स्कूल में सफाई करवाई जाती है। पंचायत प्रधान उर्मिला देवी ने कहा कि स्कूल में वाटर कॅरिअर के पोस्ट न होने से समस्या आई है और बहुत जल्द इसका समाधान कर दिया जाएगा।

हरोली खंड प्राथमिक अधिकारी जरनैल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में लगभग 14 स्कूल ऐसे है जिनमें वाटर कैरियर की पोस्ट नहीं है। इसकी स्कूली स्तर पर व्यवस्था की जा रही है। एसएमसी कमेटी की प्रधान वीना देवी ने कहा कि स्टाफ को बच्चों से स्कूल में शौचालय साफ नहीं करवाए जाने को लेकर कहा है। शीघ्र ही इस समस्या का हल निकाल लिया जाएगा।
विज्ञापन


मामले को सुलझा लिया : गुलेरिया
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हंसराज गुलेरिया ने कहा कि मीडिया से उनके ध्यान में यह मामला आया है। शिक्षा विभाग की ओर से प्रतिनिधि भेजा गया। अभिभावकों की मौजूदगी में मामले को सुलझा लिया गया है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें