ऊना। जिले में 11 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आरटीपीसीआर टेस्ट में 28 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा रैपिड एंटीजन के 417 सैंपलों में से 82 मामले संक्रमित पाए गए हैं। पॉजिटिव आए लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से आइसोलेट किया गया है।
इसके साथ ही संक्रमितों के उपचार के लिए काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल में 100 सैंपलों में से 21, स्वास्थ्य खंड थानाकलां में 65 में से आठ, स्वास्थ्य खंड हरोली में 55 में से 10, स्वास्थ्य खंड गगरेट में 60 में से 21, स्वास्थ्य खंड बसदेहड़ा में 45 में से 4 नये कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
वहीं जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन कुमार शर्मा ने कहा कि सभी संक्रमितों को आइसोलेट में उपचार की कार्यप्रणाली शुरू कर दी है। उन्होंने जिले के लोगों से मास्क पहनने, समय-समय पर सैनिटाइज करने और दो गज की दूरी की पालना करने के लिए आह्वान किया है।
नाके पर तैनात शिक्षक कोरोना संक्रमित
संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र के संतोषगढ़ सहजोवाल मार्ग पर लगाए नाके पर तैनात एक शिक्षक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उक्त शिक्षक की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद नाके पर तैनात करीब आधा दर्जन कर्मचारियों को आईसोलेट किया गया है। शिक्षक की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उक्त नाके से गुजरने वालों लोगों में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि उक्त शिक्षक को कुछ दिनों पहले ही नाके पर तैनात किया था। इसके बाद शिक्षक को कोरोना संबंधी लक्षण महसूस हुए। इसके बाद कोविड टेस्ट करवाने पर उक्त शिक्षक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।