ऊना। सब जेल बनगढ़ में छह मामलों समेत जिले में कुल 11 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं, जिले में बुधवार को एक 75 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत रिपोर्ट हुई है। बनगढ़ सब जेल में लगातार कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।
ऊना सदर के तनोह की 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पहली अक्तूबर को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में बुखार व अन्य शिकायत के साथ पहुंचे थे। यहां एहतियातन महिला का कोरोना टेस्ट किया गया। जिसमें वह कोरोना संक्रमित पाई गई। महिला को डीसीएचसी पालकवाह शिफ्ट किया गया। यहां उपचार के दौरान मंगलवार शाम को महिला की मौत हो गई।
वहीं, आरटीपीसीआर लैब रिपोर्ट में बुधवार को पांच सैंपल कोरोना संक्रमित मिले हैं। जबकि छह कोरोना संक्रमित रैपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट में मिले हैं। यह सभी छह मामले बनगढ़ स्थित सब जेल से हैं। सीएमओ डा. रमन कुमार शर्मा ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। सब जेल बनगढ़ में सामने आए कोरोना पॉजिटिव मामलों में भी निगरानी रखी जा रही है। सब जेल में रोजाना डॉक्टर दौरा कर रहे हैं। फिलहाल सभी की तबीयत ठीक है। यदि किसी की तबीयत खराब होती है तो उन्हें डीसीएचसी शिफ्ट किया जाएगा।