सैनिक कल्याण बोर्ड ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र, जल्द राशि जमा कराने को कहा
सरकारी स्कूलों में सशस्त्र सेना दिवस मनाने के लिए दिए जाते हैं टोकन फ्लैग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के 10 सरकारी स्कूलों ने साल 2023 में सशस्त्र सेना दिवस मनाने के लिए इस्तेमाल किए टोकन झंडों की राशि जमा नहीं करवाई है। अब सैनिक कल्याण बोर्ड ने शिक्षा विभाग को एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि राशि को जल्द से जल्द जमा करवाया जाए।
जानकारी के अनुसार जिले में जिन 10 सरकारी स्कूलों ने टोकन झंडों की राशि जमा नहीं करवाई है, उनमें सात वरिष्ठ माध्यमिक और तीन उच्च स्कूल शामिल है। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड ने जो पत्र शिक्षा विभाग को लिखा है, उसके साथ उन स्कूलों के नाम की सूची भी भेजी है, जिन्होंने टोकन फ्लैग राशि जमा करवाई। इस सूची में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बसोली, भलोण, नंगल जरियाला, नंगड़ां, पुबोवाल, रायपुर मैदान, ऊना शामिल हैं। इसके अलावा उच्च स्कूलों में छतरपुर, फतेहपुर, जबेहड़ सरोई शामिल हैं।
ध्यान रहे कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि जब टोकन झंडों की राशि जमा करवाने को लेकर स्कूलों को विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हों। इससे पहले भी साल 2018-19 और 2019-20 और 2022 के दौरान जारी की गई टोकन झंडों की खेप की राशि जमा करवाने को लेकर कई बार विभाग की ओर से स्कूलों को हिदायत दी गई। हालांकि धीरे-धीरे स्कूलों ने यह राशि जमा करवा दी।
कोट्स
सभी स्कूलों को टोकन झंडों की राशि समय पर जमा करवाने की हिदायत दी गई है। इसमें कोई भी संस्थान लापरवाही न बरते। अगर इसको लेकर कोई समस्या पेश आ रही है तो विभाग को अवगत करवाएं।
-राजेंद्र कौशल, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग