शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी के अधिकारियों को लिखित में माननी पड़ी बातें
ग्रामीणों के आक्रोश के आगे शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी के अधिकारियों का एक भी आश्वासन काम नहीं आया। ग्रामीण इस बात पर अड़ गए कि जब तक लिखित में नहीं मिलेगा तब तक वे अधिकारियों को मौके से जाने नहीं देंगे। इसके बाद शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी के टीम लीडर आदर्श पन्होत्रा ने ग्रामीणों को लिखित में दिया कि स्कूल को नीजि भवन में चलाने के लिए भवन कंपनी की तरफ से उपलब्ध करवाया जाएगा। जिन लोगों ने घर खाली किए हैं उन्हें किराए पर कंपनी की तरफ से मकान मुहैया करवाए जाएंगे। जहां पर गढ्डा हुआ है वहां पर दोनों तरफ बच्चों और ग्रामीणों के आने-जाने के लिए कंपनी के वाहन तैनात किए जाएंगे। जल्द ही धंसे हुए हिस्से के स्थायी और पक्के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
चार महीनों से बंद है काम, फिर भी धंस रही है टनल
बता दें कि कितरपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत पंडोह के साथ लगते डयोड में बन रही इस टनल का निर्माण कार्य बीते करीब 4 महीनों से बंद पड़ा हुआ है। कंपनी ने ठेकेदारों का भुगतान नहीं किया जिसके बाद ठेकेदारों ने काम बंद कर रखा है। ऐसे में टनल के उपर धंसाव शुरू हो गया है जिससे अब डयोड गांव के लोगों को मजबूरी में अपने घर छोड़कर जाना पड़ रहा है और दूसरी तरफ कंपनी प्रबंधन इस विषय को लेकर जरा भी गंभीर नहीं है।