रॉयल इनर व्हील क्लब ने राजपुरा में स्वच्छता पर लगाया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। रॉयल इनर व्हील क्लब नालागढ़ की ओर से राजपुरा पंचायत में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यक्तिगत स्वच्छता, यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन तथा फंगल संक्रमण विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम हुआ, जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान एवं रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर डॉ. अंजलि गोयल ने महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, यूटीआई एवं फंगल संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से स्वच्छता अपनाने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, संतुलित आहार लेने तथा किसी भी प्रकार के संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन हेल्थ वर्कर सुषमा शर्मा ने किया गया, जिन्होंने महिलाओं के प्रश्नों के उत्तर दिए तथा उन्हें दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी उपायों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में रॉयल इनर व्हील क्लब नालागढ़ की अध्यक्ष पंकज वशिष्ठ, आईएसओ इंदु वैद, सचिव रिनचन शर्मा एवं कोषाध्यक्ष नरेंद्र उपस्थित रहीं। क्लब की सदस्य सिम्मी, नेहा एवं रजनी ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने नियमित रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और अपने परिवार एवं समुदाय में भी स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।