संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। तेज आंधी और बारिश के बाद सोमवार को अश्वनी और गिरि पेयजल योजना ठप रही। अश्वनी खड्ड में गाद की समस्या और गिरि में लो वोल्टेज से सोमवार को दिन भर पानी की लिफ्टिंग नहीं हो पाई। इसके चलते शहर की प्यास बुझाने वाली गिरि और अश्वनी पेयजल योजना से सोमवार को पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। शहर के कई वार्डों में पानी की सप्लाई ठप रही। इससे लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ा।
रविवार रात आई तेज आंधी और बारिश के बाद अश्वनी पेयजल योजना में गाद आ गई। गिरि पेयजल योजना में लो वोल्टेज होने से सोमवार दिन भर पानी की लिफ्टिंग नहीं हो पाई। हालांकि सोमवार शाम 5:30 बजे गिरि पेयजल योजना तो बहाल हो गई लेकिन अश्वनी योजना में मटमैले पानी से लिफ्टिंग कुछ दिनों के लिए रोक दिया है। ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक पेयजल संकट से जूझना पड़ सकता है।
रविवार रात करीब 11:30 बजे जिले में आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इस कारण पेयजल योजना प्रभावित हो गई। गिरि योजना में विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने के बाद लो वोल्टेज रही। इस कारण योजना पर लगी मोटरें नहीं चल पाईं और पानी की लिफ्टिंग रुक गई। लिफ्टिंग रुकने से शहर समेत धर्मपुर और कुमारहट्टी में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। इस योजना से विभाग रोजाना 80 लाख लीटर पानी लिफ्ट कर रहा है।
उधर, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग सोलन ई. प्रवेश ठाकुर ने कहा कि अश्वनी योजना में गाद आने के बाद बंद किया है। गिरि योजना में लो वोल्टेज से सोमवार को पानी लिफ्ट नहीं हो पाया। शाम साढ़े पांच बजे के बाद लो वोल्टेज की समस्या दूर हुई। इसके बाद ही मोटरें चल पाईं। जल शक्ति विभाग ने गिरि योजना से पानी की लिफ्टिंग बढ़ाने का दावा किया है। लोगों से आग्रह किया है कि पानी को स्टोर रखें और इसकी बरबादी न करें।
इन वार्डों के लिए था पानी का शेड्यूल
सोमवार को नगर निगम के वार्ड दो, तीन, चार, सात, 11, 12, 15, 17 में पानी का शेड्यूल तय था लेकिन सप्लाई नहीं दी जा सकी।