मंत्री धनीराम शांडिल के लेट पहुंचने पर पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बुलाई बैठक का प्रधानों ने बहिष्कार कर दिया। आरोप लगाए कि सोलन विस क्षेत्र के प्रधानों को बैठक के लिए बुलाकर मंत्री और अधिकारी लापरवाह निकले। सभी किसी अन्य बैठक में मौजूद रहे। बैठक जल्द शुरू करने की गुहार पर आदेश कर दिए कि बैठक 4 या 5 बजे तक हो सकती है। इससे खफा प्रधान उठकर डीसी कार्यालय के बाहर आ गए और रोष जताते हुए अपने अपने क्षेत्रों में वापस लौट गए।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि खंड विकास कार्यालय से सभी को सूचना दी थी कि पंचायतों में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा और विधायक निधि की प्राथमिकताओं को लेकर बैठक दो बजे शुरू होगी। कंडाघाट और सोलन ब्लॉक से करीब पचास पंचायत प्रतिनिधि बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे। दो बजे से इंतजार करते करते तीन बजे गए। कुछ प्रधान काफी दूर दराज से आए थे।
पता चला की एक अन्य बैठक की अध्यक्षता मंत्री कर रहे हैं। लिहाजा वहां जाकर कुछ प्रधानों ने बैठक शुरू करने का आग्रह किया। लेकिन उन्हें बताया गया कि पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक 4 या 5 बजे तक ही होगी। लिहाजा अधिकांश पंचायत प्रधान रोष जताते हुए बाहर चले गए। देवेंद्र सिंह पंचायत सेरी, बसाल पंचायत प्रधान देवेंद्र कश्यप का कहना है कि पौने चार बजे तक मंत्री धनी राम शंाडिल का इंतजार किया गया। लेकिन वह पहुंचे नहीं। इसके बाद अधिकांश प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।