डीजीपी संजय कुंडू बद्दी में पुलिस अधिकारियों और उद्योगपतियों के साथ बैठक करते हुए।
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए बद्दी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पंजाब और हरियाणा की सीमा पर चौकसी और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बद्दी के उद्योगपतियों के साथ भी बैठक की, जिसमें उन्होंने हाल में बद्दी पुलिस की ओर से लॉच किए गए सिक्योरिटी प्लान पर बातचीत की।
उद्योगपतियों ने बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर लगने वाले जाम और पिंजौर में मार्ग की खस्ताहालत जुड़ीं समस्याएं बताई। जाम से औद्योगिक क्षेत्र प्रभावित हो रहा है, कई उद्योगों मे कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। डीजीपी ने बद्दी नालागढ़ मार्ग पर गड्ढे भरवाने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखने को कहा। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वासन दिया कि पिंजौर मार्ग को खस्ता हालत को लेकर वह हरियाणा राज्य के प्रधान सचिव को पत्र लिख कर इस मार्ग को जल्द ठीक कराने की मांग करेंगे।
उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि क्षेत्र में और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाएं, जिससे चोरों को पकड़ने में मदद मिलेगी। पुलिस महानिदेशक ने एसपी मोहित चावला से गोली कांड में उनकी प्लानिंग की समीक्षा की और अभी तक हुए कार्य पर संतोष जताया। उन्होंने आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर एएसपी नरेंद्र कुमार, डीएसपी साहिल अरोड़ा समेत उद्योगपति शामिल हुए।