संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी में डेंगू के रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बद्दी अस्पताल में बुखार और मौसमी वायरल से पीड़ित 46 लोगों में डेंगू की जांच की। इसमें से छह लोगों में डेंगू पाया गया। बीबीएन में डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है।
बद्दी अस्पताल में बुखार के चार दर्जन से अधिक बुखार के रोगी आ रहे है। इन लोगों को डेंगू न हो उसके लिए विभाग एलिजा टेस्टिंग से सैंपल जांच रहा है। इसमें बद्दी अस्पताल में शनिवार को छह नए रोगी डेंगू के पाए गए।
बद्दी अस्पताल के एसएमओ डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया कि नगर परिषद ने एक बार बद्दी गांव में फॉगिंग कर दी है। दोबारा यहां पर फॉगिंग के लिए नगर परिषद को कहा जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए आश वर्कर और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को घर-घर भेजा रहा है। लोगों को अपने पानी की टैंकी को साफ रखने, दिन के समय घर के आगे पानी जमा न होने देने, कूलर का पानी बदलने, पानी उबाल कर पीने को कहा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बीबीएन में अभी दिन और रात का तापमान अधिक है। इस तापमान में डेंगू के मच्छर तैयार होते हैं। उन्होंने लोगों से अपने शरीर ढककर रखने की भी अपील की है।