परवाणू ट्रक यूनियन के बाद अब नालागढ़ ट्रक यूनियन ने भी किराये भाड़े में बढ़ोतरी कर दी है।
- फोटो : Demo Pic
परवाणू ट्रक यूनियन के बाद अब नालागढ़ ट्रक यूनियन ने भी किराये भाड़े में बढ़ोतरी कर दी है। डीजल के दामों में 2.26 रुपये की बढ़ोतरी के साथ नालागढ़ ट्रक यूनियन ने प्रति किलोमीटर किराये में 70 पैसे की बढ़ोतरी की है।
यूनियन ने अपने फार्मूला के तहत प्रति एक रुपये पर 35 पैसे की बढ़ोतरी को बढ़े दामों के साथ लागू किया है। इसका सीधा प्रभाव बीबीएन की ढाई हजार औद्योगिक इकाईयों पर पड़ेगा। सेस का बोझ बढ़ने के साथ ही अब किराये में भी अतिरिक्त बढ़ोतरी को औद्योगिक इकाईयों को झेलना होगा।
गौरतलब है कि 16 मई को ही डीजल में 1.26 रुपये की बढ़ोतरी के साथ ट्रक यूनियन ने 35 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की थी। चौदह दिन के भीतर ही दूसरी बार किराये में इजाफा किया गया है। ऐसे में उद्योगों के उत्पादन की लागत का बढ़ना भी तय माना जा रहा है।
ट्रक यूनियन नालागढ़ के प्रधान चौधरी विद्या रतन ने कहा कि डीजल के दामों में बदलाव के साथ ही यूनियन का किराया भी निर्धारित फार्मूला के तहत बदल दिया जाता है। कहा कि उद्योगपति, ट्रांसपोर्टर और यूनियन की ओर से डीजल में प्रति रुपये के अंतर पर 35 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से बढ़ोतरी अथवा कटौती को निर्धारित किया है। इस बार यूनियन ने 70 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भाड़े की दरें बढ़ाई हैं।
उद्योगों की लागत पर पड़ेगा प्रभाव
बीबीएन उद्योग संघ के अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल ने कहा कि डीजल के दामों में 14 दिन के भीतर दूसरी बार बढ़ोतरी से मालभाड़ा 1.05 रुपये प्रति किलोमीटर बढ़ चुका है। ऐसे में उद्योगों की लागत पर इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा। केंद्र में सेस में भी बढ़ोतरी की है। ऐसे में उद्योगों के उत्पाद की कीमत भी बढ़ेगी।
यह रहेगा नौ टन लोड गाड़ी का किराया
स्टेशन पहले अब
दिल्ली 12205 14430
मनेसर 13711 14026
जयपुर 17135 17520
गाजियाबाद 13125 14435
कलकता 48235 49500
चेन्नई 74010 74640
शिमला 9280 9375