एसडीएम सोलन को ज्ञापन सौंपते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत सोलन ने जन औषधि केंद्र जल्द खोलने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्राहक पंचायत ने आरोप लगाया कि सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के बार-बार आदेशों के बावजूद डॉक्टर जैनेरिक दवाइयां नहीं लिख रहे।
उन्होंने कहा कि निर्देशों को जमीनी स्तर पर अमल में नहीं लाया जा रहा। न ही विभाग और प्रशासन इस संबंध में स्थिति स्पष्ट कर रहा है। जन औषधि केंद्र खुलने में कितना समय लगेगा, इसे लेकर भी अस्पताल प्रबंधन अनभिज्ञ है। सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए क्या कवायद छेड़ी है, प्रबंधन इसे लेकर भी स्थिति क्लीयर नहीं कर सका है।
पंचायत का कहना है कि यदि इन सभी विषयों पर स्थिति स्पष्ट न की तो 25 जून के बाद ग्राहक पंचायत बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी। इस मौके पर प्रदेश सचिव रमन प्रिंटा, जिला अध्यक्ष अनिज भारद्वाज, उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, नवीन निश्चल शर्मा, एमएल ठाकुर, प्रकाश सिंह, विनोद चौहान, राजीव त्यागी, हरि सिंह चौधरी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले काफी समय से सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में 2-3 वर्षों से बंद पड़े जन औषधि केंद्र को अविलंब प्रारंभ किए जाने की मांग कर रही है। इसके लिए पंचायत द्वारा ज्ञापन और धरने के माध्यम से कई दफा मांग भी की जा रही है।