बद्दी(सोलन)। बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर किशनपुरा गांव के समीप एक कार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में कार सवार की मौत हो गई है। स्थानीय लोगों ने घायल को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया। लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डूमनवाला निवासी राम सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि वह अपने गांव के युवक 21 वर्षीय मोहित ठाकुर के साथ नालागढ़ से बद्दी आ रहा था। किशनपुरा पेट्रोल पंप के समीप उसकी गाड़ी को अज्ञात वाहन ने हिट कर दिया।
हिट करने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस दौरान मोहित ठाकुर को चोटें आई। हालत नाजुक होने पर उसे बद्दी अस्पताल से पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिट और रन का यह यहां पर दूसरा मामला है। सोमवार को भी मलपुर में एक बाइक को हिट कर अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया था, जिसके चलते रामशहर क्षेत्र 20 वर्षीय युवक की भी मौत हो गई थी। उधर, मामले की पुष्टि डीएसपी नवदीप सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।