सरिये की मदद से तोड़ा घर का ताला, सीसीटीवी में कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के साथ लगते रबौण में दिनदहाड़े एक युवक ने घर से 8000 रुपये चोरी कर लिए। जिस समय चोरी हुई घर की मालिक काम पर गई हुई थीं। इस दौरान दो युवक आए। इसमें एक युवक घर के बाहर रेकी करने लगा तो दूसरा सरिया से ताला तोड़कर घर के अंदर गया। उसने अलमारी के साथ रखे 8000 रुपये चोरी कर लिए। उसके बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए। हालांकि गनीमत रही कि अलमारी में और पैसे भी रखे हुए थे, मगर युवक को वह नहीं दिखे। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, वहीं युवक का चेहरा भी उसमें दिखाई दे रहा है।
उधर, घर मालिक शीला कुमारी ने बताया कि वह घरों में काम करके पैसे कमाती हैं। वह सुबह से शाम तक कई घरों में काम करती हैं। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत पुलिस में दे दी है, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।