पटवारी ने तहसीलदार को भेजा शिकायत पत्र, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। रेडू पंचायत के झीड़ीवाला में एक व्यक्ति ने पटवारी के जाली हस्ताक्षर कर ऑनलाइन फर्द बना ली। उसके बाद उक्त व्यक्ति ने जमीन की रजिस्ट्री भी अपने नाम कर ली। बताया जा रहा है कि जिस दिन का यह मामला है उस दिन पटवारी अवकाश पर थी। पटवारी ने इस मामले में नालागढ़ के तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपा है।
यह मामला पहली नवंबर को बताया गया है। इस दिन रेड़ू की पटवारी अवकाश पर थीं। एक व्यक्ति ने 4 बिस्वा जमीन की ऑनलाइन फर्द तैयार की। जिसमें उसने पटवारी के जाली हस्ताक्षर कर दिए। जब उसे पता चला की इस दिन पटवारी अवकाश पर हैं तो उसे काट कर 31 अक्तूबर कर दिया। जिससे यह गड़बडी होने का मामला उजागर हुआ। अब बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति ने इस जाली फर्द से जमीन की रजिस्ट्री भी अपने नाम कर ली है।
उधर, नायब तहसीलदार इंद्रदेव शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पटवारी की ओर से ऐसी शिकायत मिली है जिसमें उसने फर्द पर अपने हस्ताक्षर न होने की बात कही है। मामले की छानबीन की जा रही है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा।