बस सेवाएं बंद होने से बढ़ी परेशानी, विधायक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी।
अर्की(सोलन)। अर्की विधानसभा क्षेत्र के तहत जाबल से जयनगर होते हुए मनलोगकलां-उखू तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढों और टूटे सड़क किनारों के कारण इस मार्ग पर सफर करना वाहन चालकों और यात्रियों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण उन्हें आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर बने गड्ढों से वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। महंगे पेट्रोल-डीजल के साथ अब वाहन मरम्मत का अतिरिक्त खर्च भी लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क के किनारे टूट जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलासपुर और अन्य ऊपरी क्षेत्रों की ओर जाने के लिए यह प्रमुख और नजदीकी मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार न होने से लोगों में रोष है। सड़क की बदहाली का असर बस सेवाओं पर भी पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार इस रूट पर चलने वाली दो बस सेवाएं बंद हैं, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने अर्की के विधायक संजय अवस्थी से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश देकर गड्ढों को भरने तथा सड़क के टूटे किनारों की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की है।