बीते माह 19 सितंबर को किया सीएम ने अर्की में बस अड्डे का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की ओर से दाड़लाघाट में बनाए गए नए बस अड्डे का उद्घाटन तो कर दिया गया है लेकिन शुरू नहीं किया गया है। इसका मुख्य कारण अब तक बस अड्डे में बिजली और पानी का कनेक्शन न लगना है।
बस अड्डे का मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद दोबारा से पानी और बिजली के कनेक्शन और पाइपें बिछाने का काम करवाया जा रहा है। इसके बाद भी बस अड्डे को लोगों के लिए शुरू किया जा सकेगा। सूत्रों के अनुसार बस अड्डे के उद्घाटन के दौरान केवल औपचारिकता के लिए ही बिजली और पानी का कनेक्शन जोड़ा गया था। बीते माह 19 सितंबर को राज्य स्तरीय सायर मेले के दौरान सीएम ने इसका उद्घाटन किया था।
करोड़ों रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस बस अड्डे पर ई-बसों के लिए चार्जर भी बनाया जा रहा है, जिसमें करीब 50 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इसके तहत करीब 40 लाख रुपये का ट्रांसफार्मर और तीन लाख का शेल्टर बनाया जाएगा। इसके अलावा अन्य खर्चा चार्जर को लगाने के लिए आएगा। यह सभी सुविधाएं केवल बस अड्डे के शुरू होने के बाद ही लोगों को मिल सकती हैं। अभी इसे शुरू होने में कितना समय लगेगा, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
10.17 करोड़ रुपये से बना है आईएसबीटी
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की ओर से 10.17 करोड़ रुपये की लागत से दाड़लाघाट में आईएसबीटी का निर्माण किया गया है। इसके बनने के बाद यहां से सोलन, शिमला और बाहरी राज्यों के लिए भी बसों जाएंगी। इससे लोगों को भी काफी राहत मिलेगी।
निगम की ओर से कनेक्शन जोड़ने के लिए संबंधित विभागों को बोल दिया है। वहीं बस अड्डे को शुरू करने की अभी कोई नोटिफिकेशन नहीं आई है। कनेक्शन लगने और नोटिफिकेशन आने के बाद बस अड्डे को शुरू कर दिया जाएगा।
-
तरसेम सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी, डिपो सोलन