बद्दी (सोलन)। व्यक्ति के खाते से 92 हजार रुपये निकालने वाले आरोपी को पुलिस ने नालागढ़ न्यायालय में पेश किया। उसे अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड में आरोपी से और लोगों की संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया था।
मध्यप्रदेश के जिला मुरैना की तहसील जौरा के गरही धमकान निवासी सत्येंद्र पांडे बद्दी में निजी कंपनी में काम करता है। 17 जुलाई को उसके बैंक खाते से 25 रुपये कट गए। जब उसने टोल फ्री नंबर पर कॉल की तो किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसे एक अन्य नंबर से फोन आया जिस पर सत्येंद्र ने उसे सारी बात बताई। उक्त व्यक्ति ने उसे एक कोड डालने को कहा। जैसे ही उसने कोड डाला तो उसके खाते से 92 हजार 508 रुपये कट गए।
पांडे ने सात सितंबर को इस बारे में बद्दी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने बैंक में पीड़ित व्यक्ति के खाते को खंगाला। कई एटीएम की फुटेज का डाटा एनालाइज करके जांच की। इसके आधार पर बद्दी पुलिस ने कोलकाता से बनियाफुकर निवासी एहतशाम हुसैन को पकड़ा। उसे ट्रांजिट रिमांड पर बद्दी लाया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। डीएसपी नवदीप सिंह बताया कि धोखाधड़ी के आरोप में एहतशाम हुसैन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।