चंबाघाट मार्ग पर बारिश के कारण सड़क पर भरे पानी से टारिंग करतीं मशीनें। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। जिला मुख्यालय को जोड़नेे वाली चंबाघाट-सोलन सड़क पर बारिश के रुके पानी पर ही ठेकेदार ने टारिंग कर दी। मामला मंगलवार सुबह 9:45 बजे का है।
टारिंग को जल्दी निपटाने के चक्कर में जनता के पैसों की बर्बादी की जा रही है। सोमवार दोपहर बाद सोलन में बारिश हुई। इसके बाद सड़कों में कई जगह पानी भर गया। ठेकेदार ने मंगलवार सुबह पानी से भी सड़क पर ही टारिंग शुरू कर दी। अब देखना है कि पानी से भरी सड़क पर की टारिंग कितने दिन तक टिक पाएगी। हालांकि विभाग के आला अधिकारी इसकी जांच करने की बात कह रहे हैं। यही नहीं दो दिन पहले माल रोड पर हुई टारिंग भी कई जगह पर उखड़ना शुरू हो गई है।
जिले में लोक निर्माण विभाग की ओर से 168.91 किलोमीटर सड़क पर 26.18 करोड़ रुपये से टारिंग की जा रही है। कसौली, सोलन, अर्की और नालागढ़ में 80 किलोमीटर से अधिक सड़क पर टारिंग हो चुकी है। इसमें सोलन मंडल में 11 किलोमीटर, कसौली में किलोमीटर, नालागढ़ में 16 और अर्की मंडल में विभाग की ओर से 21.50 किलोमीटर सड़क पर टारिंग की जा चुकी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा ने बताया कि मामला उनकी संज्ञान में आया है। ठेकेदार से इसका जवाब मांगा जाएगा। संबंधित क्षेत्र के जेई से भी रिपोर्ट मांगी गई है।