सोलन। बघाट अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में चल रही उथल-पुथल जल्द थमने वाली हैं। बैंक ने बढ़ते एनपीए को देखते हुए विशेष रिकवरी सेल का गठन किया है। इसके सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं। वहीं, बैंक में नए निदेशक मंडल के चुनाव को लेकर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आगामी 11 नवंबर को बैंक के नए संचालक मंडल के चुनाव रखे हैं।
बघाट बैंक के संचालक मंडल का कार्यकाल अगस्त 2020 को समाप्त हो गया था। कोविड-19 के मद्देनजर बैंक के कार्य को सुचारु रूप से चलाने के लिए एक नामित समिति का गठन किया था। इस समय पर चुनाव प्रक्रिया शुरू करने को कहा था लेकिन नोमिनेटिड कमेटी समय पर चुनाव प्रक्रिया शुरू करने में असमर्थ रही।
लिहाजा पंजीयक सहकारी सभाएं हिमाचल ने समिति को निरस्त कर सहकारी सभाओं अधिनियम 1968 की धारा 37 के तहत सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं जुब्बल/शिमला गौरव चौहान की प्रशासक के तौर पर नियुक्ति कर चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आरबीआई को किया जुर्माने का भुगतान : चौहान
बघाट अर्बन बैंक के प्रशासक गौरव चौहान ने कहा कि बैंक को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 15 लाख का जुर्माना बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट 1949 के तहत लगाया था। इसका बैंक ने बाकायदा भुगतान कर दिया है। यह जुर्माना आईआरएसी नियम और एक्सपोजर नियम के उल्लंघन से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया बैंक का निरीक्षण प्रतिवर्ष करता है और उस निरीक्षण की अनुपालना रिपोर्ट बैंक द्वारा समय पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को प्रेषित की जाती है।
जबकि जांच समिति का गठन बैंक की नामित समिति द्वारा किया गया है, जो प्रबंध निदेशक के खिलाफ जांच कर रही है। इसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। रिपोर्ट आने के बाद यदि वह दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ बैंक द्वारा सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक आरबीआई नियमों के तहत काम कर रहा है, ग्राहक किसी भी तरह की अफवाह में न आएं।
इनकी निगरानी में होगा चुनाव
बैंक के प्रबंध निदेशक के जांच के दायरे में होने के कारण उच्च न्यायालय के आदेश पर पंजीयक सहकारी सभाएं हिमाचल प्रदेश द्वारा सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सोलन नीलम कश्यप को
बैंक का कार्य सुचारु रूप से चलाने के लिए तथा बैंक के संचालक मंडल के चुनाव तुरंत करवाने के लिए अस्थायी प्रबंध निदेशक संदीप उप्पल को उनकी सहायता के लिये नियुक्त किया है। सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सोलन ने चुनाव प्रक्रिया उप पंजीयक सहकारी सभाएं शिमला से अनुमोदित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर 2021 से शुरू कर दी गई है।
समिति ने निष्पक्षता से किया कार्य : पवन गुप्ता
बघाट बैंक के निवर्तमान अध्यक्ष एवं नामित प्रबंधन कमेटी के पूर्व सदस्य पवन गुप्ता ने कहा कि समिति ने निष्पक्षता से अपना कार्य किया है। चुनाव की तिथि नजदीक आने के कारण समिति को निरस्त किया गया। उन्होंने कहा कि समिति ने बैंक में भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसने का कार्य किया, लेकिन विभाग की ओर से उन्हें समुचित सहयोग नहीं मिला। अपने पूरे कार्यकाल में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच कर दोषियों को बर्खास्त किया है। गुप्ता ने सभी शेयर धारकों से आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।