फायर एनओसी के लिए ऑनलाइन करना होगा आवेदन, एक माह में सभी स्कूलों में व्यवस्था को करना होगा लागू
शिक्षा विभाग की टीम तय समय के बाद करेगी शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिक्षा विभाग ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों को फायर सुरक्षा उपकरण लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसमें सभी स्कूलों को एक माह का अल्टीमेटम जारी किया गया है। इसमें सुरक्षा उपकरण लगाने के बाद फायर एनओसी लेने के लिए अग्रिशमन विभाग को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। शिक्षा विभाग स्कूलों का निरीक्षण करने के लिए टीमें भी गठित करेगी। इस बीच स्कूलों में कोई कोताही पाई गई तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग सहित प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सख्त है। जिले के अधिकतर माध्यमिक स्कूलों में अभी तक अग्नि सुरक्षा के उपकरण स्थापित नहीं किए गए हैं। जबकि कुछ उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में उपकरण तो हैं लेकिन देखरेख के अभाव के चलते ये एक्सपायर हो गए हैं। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दे दिए हैं कि उपकरण लगाने के बाद फायर एनओसी के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। हालांकि इन दिनों विंटर स्कूलों में छुट्टियां चल रही है। जबकि समर वाले स्कूल चल रहे हैं। वर्तमान में सभी मिडल स्कूलों में मीड-डे मिल तैयार किया जा रहा है। स्कूलों की रसोई घर में सिलिंडर भी रखे हैं लेकिन स्कूल में आग की घटना से निपटने के कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं है। इसके अलावा अग्रिशमन विभाग की ओर से स्कूलों में आग से निपटने के गुर सिखाए जा रहे है। इसमें विभाग की ओर से उपकरण ले जाकर बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कोट्स
जिले के सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं। शिक्षा सत्र में स्कूलों को सभी सुरक्षा के इंतजामों को पूरा करना होगा। इसमें कोताही सहन नहीं की जाएगी।
डॉजगदीश नेगी, उपनिदेशक उच्च शिक्षा