सोलन। दो साल बाद चैत्र नवरात्रों में मां शूलिनी का मंदिर श्रद्धालुआें के लिए खोल दिया जाएगा। वे मंदिर में जाकर मां के दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए मंदिर कमेटी ने इजाजत दे दी है। नवरात्रों के दौरान मंदिर परिसर को पहले की तरह खोल दिया जाएगा। हालांकि इससे पहले श्रद्धालुओं को दर्शन बाहर से ही करने पड़ रहे थे। उन्हें मंदिर में जाने की इजाजत नहीं थी। वहीं, जो भी श्रद्धालु दर्शन के लिए आएंगे उनके लिए मास्क पहनना जरूरी किया गया है। व्यवस्थाएं बनाने के लिए नवरात्रों के दौरान मंदिर में दो सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। आगामी दो अप्रैल से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नवरात्रों में शूलिनी माता मंदिर में काफी भीड़ रहती है।
गौर रहे कि कोरोना महामारी के चलते बीते दो वर्षों से नवरात्रों पर मंदिर बंद थे। श्रद्धालुओं को मंदिर के गेट से ही दर्शन कर वापिस लौटना पड़ता था। मंदिर के भीतर प्रसाद चढ़ाने, बांटने पर पूर्ण रूप से पाबंदी रही। इस वर्ष संक्रमण के मामले कम होने की वजह से लोगों के लिए मंदिरों के दरवाजे खुले रहेंगे।
उधर, मां शूलिनी मंदिर के पुजारी राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि दो अप्रैल से चैत्र नवरात्र शुरू हो जाएंगे। बिना मास्क मंदिर के भीतर किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। नियमों का पालन करवाने के लिए सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। पहले दिन मां शूलिनी की पूजा और पाठ होगा। मंदिरों में प्रसाद लगाने और बांटने पर फिलहाल अभी प्रशासन का फैसला आना बाकी है। हालांकि श्रद्धालु इस बार मंदिर में मां के दर्शन कर सकेंगे।