सोलन। जिले में 10 हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्युटिकल के सैंपल फेल हो गए हैं। यह सैंपल सोलन शहर और बद्दी की नामी कंपनियों से भरे गए थे। सीटीएल कंडाघाट में सैंपलों की जांच के बाद रिपोर्ट में अनसेफ, मिस ब्रांडेड और सब स्टैंडर्ड निकले हैं। वहीं रेफरल फूड लैब में भी सैंपल फेल हुए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अनसेफ सामान को विभाग की ओर से सीज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीते दिनों 20 खाद्य पदार्थों समेत हेल्थ सप्लीमेंट और न्यूट्रास्युटिकल के सैंपल भरे थे। जिन्हें जांच के लिए विभाग ने सीटीएल भेजा था। जांच के दौरान दस सैंपल फेल हो गए। इसके बाद इन कंपनियों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया। नोटिस के बाद इन कंपनियों से अपने स्तर पर सैंपलों की जांच करवाई। इसमें यह 10 सैंपल फेल हुए हैं। सैंपलों में कैल्शियम, जिंक+डी थ्री कैप्सूल, डायट्री सप्लीमेंट, सॉफ्ट जल कैप्सूल, ओमेगा थ्री कैप्सूल, हेल्थ सप्लीमेंट, सॉफ्ट जल कैप्सूल, फूड सप्लीमेंट, विटामिन डी थ्री ड्रॉप्स, मल्टी विटामिन और मल्टी मिलरन्स सॉफ्ट जल कैप्सूल और दो सैंपल फंगल डायटिंग पेप्सिन सिरप अनसेफ, मिस ब्रांडेड और सब स्टैंडर्ड निकले हैं। इन सैंपलों के फेल होने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौर रहे कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर नजर बनाए हुए है। विभाग रोजाना सैंपल भर रहा है और जांच के लिए सीटीएल भेज रहा है। बीते दिनों भी विभाग ने पनीर और देसी घी की बड़ी खेप बरामद की थी। इस पर भी टीम कार्रवाई कर रही है।
उधर, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि जिला के बद्दी और सोलन शहर से भरे न्यूट्रास्युटिकल और मल्टी विटामिन सप्लीमेंट के सैंपल फेल हुए हैं। इनमें तीन सैंपल अनसेफ भी आए हैं। इन खेप को विभाग जल्द सीज करेगा। वहीं विभाग की ओर से मामला कोर्ट में ले जाया जाएगा। इसमें छह माह की सजा समेत जुर्माने का प्रावधान है।