सोलन। नगर निगम में बीपीएल परिवारों के घरों से कूड़ा मुफ्त उठाने पर बवाल मच गया है। निगम के दूसरे हाउस में की घोषणा के बाद भाजपा पार्षदों ने एक बयान जारी कर कहा है कि कांग्रेस शहर की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
निगम के आठ पार्षदों ने मेयर के बयानों को झूठा करार दिया है। चार माह पूर्व परिषद से नगर निगम बने सोलन में कांग्रेस ने शहर के घरों सेे मुफ्त में कूड़ा उठाने का चुनावी वादा किया था। इसके बाद कांग्रेसनीत नगर निगम ने हाल ही में बीपीएल परिवारों के घरों से कूड़ा निशुल्क उठाने की बात कही है।
भाजपा के वार्ड-3 से पार्षद रजनी, वार्ड-2 से सुषमा शर्मा, वार्ड-6 से रेखा साहनी, वार्ड-5 से कुलभूषण गुप्ता, वार्ड-16 से सीमा, वार्ड-13 से मीरा आनंद, वार्ड-नौ से शैलेंद्र गुप्ता, वार्ड-एक से मनीष सोपाल ने कहा कि ऐसी कोई भी चर्चा हाउस में नहीं हुई। कांग्रेस केवल बयानबाजी करने की कोशिश में है।
पार्षदों ने कहा कि वे पानी का बिल सौ रुपये करने के साथ कूड़ा निशुल्क करने में निगम का सहयोग करेंगे। मेयर इसका प्रस्ताव जल्द पेश करें। उधर, नगर निगम मेयर पूनम ग्रोवर ने कहा कि दूसरे हाउस में बीपीएल परिवारों के घरों से कूड़ा उठाने का मुद्दा बजट में था।
इस मौके पर मौजूद कुछ पार्षदों ने हाउस में चर्चा को ध्यानपूर्वक नहीं सुना। आगामी समय में होने वाली बैठकों और हाउस में वे अपने कान और आंख खोलकर सुनें।