पर्ची सिस्टम से निकला मंडेसर पंचायत का नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। राज्यसभा के सांसद जेपी नड्डा ने दून की ग्राम पंचायत मंडेसर को गोद लिया है। सांसद ने इस पंचायत में विकास कार्यों के लिए तीस लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। सांसद ने उपायुक्त मनमोहन शर्मा को इस बारे में स्वीकृति पत्र भी भेजा है। जानकारी के अनुसार, सांसद ने दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी को एक पंचायत को गोद लेने की इच्छा जताई थी। जिस पर पूर्व विधायक ने कई पंचायतों की एक साथ पर्चियां डालीं, जिससे किसी भी पंचायत का विरोधाभास न रहे। पर्ची सिस्टम में नई बनी पंचायत मंडेसर को नाम निकला, जिस पर नड्डा ने इस पंचायत को गोद लेने के लिए हामी भरी। अब सांसद जेपी नड्डा की ओर से इस पंचायत में विकास कार्य करवाए जाएंगे। शुरू में इस पंचायत में 30 लाख रुपये के विकास कार्यों के लिए पैसा जारी किया है।
इन क्षेत्रों में होगा काम
सांसद निधि से मंडेसर पंचायत में एससी बस्सी में बनियारा से बडोल तक इंटर लाक टाइल्स से रास्ता बनाने के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं, वहीं एसबी बस्ती बनियारा बडोल में सामुदायिक भवन के लिए तीन लाख, श्मशानघाट में बैठने के लिए जगह बनाने के लिए तीन लाख, चायला गांव में पक्का रास्ता बनाने के लिए तीन लाख, प्लास्टा से ज्योली तक पक्का रास्ता बनाने के लिए तीन लाख, घाटी से श्मशाघाट आंजी क्यार तक पक्का रास्ता बनाने के लिए तीन लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। यही नहीं लवाखनी से जोगिंद्र के घर तक और रोपड़ गांव तक पक्का रास्ता बनाने के लिए ढाई-ढाई लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
लिखित में नहीं मिला पत्र
पंचायत प्रधान नीलम ने बताया कि उन्हें अभी तक लिखित में इसका कोई पत्र नहीं मिला है। जब तक पैसा पोर्टल पर नहीं चढ़ता है, तब तक वह इसके बारे में कुछ नहीं बता सकती।
पैसा स्वीकृत होने पर जताई खुशी
दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, मंडल अध्यक्ष मान सिंह मेहता व भाजपा के जिला सदस्य कृष्ण कौशल, मंडल महासचिव कश्मीरी लाल, वीरेंद्र चौधरी ने मंडेसर पंचायत में विकास कार्यों के लिए सांसद की ओर से पैसा स्वीकृत होने पर खुशी जताई है।
ओमपाल सिंह