हरिपुर- झाड़माजरी सड़क पर कोटला मार्ग पर उतराई में ट्रैक्टर के पलटने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि ट्रैक्टर चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे बद्दी के निजी चिकित्सालय में भर्ती गया है।
मृतक व्यक्ति महेश कुमार, नैना देवी क्षेत्र के थाना कोट के जुनाली गांव का रहने वाला था। वह बोरिंग मशीन पर ऑपरेटर का काम करता था।
पुलिस के अनुसार बोरिंग मशीन के आपरेटर महेश कुमार मशीन को ट्रैक्टर के पीछे टोचन लगाकर झाड़माजरी की ओर आ रहा था। जैसे ही कोटला की उतराई में पहुंचा तो मशीन उतराई में आगे को खिसक गई, जिससे ट्रैक्टर पलट गया।
ट्रैक्टर सड़क से 20 फीट गहरी खाई में चला गया। ट्रैक्टर पर चालक सुरेंद्र कुमार के साथ महेश कुमार भी सवार था। महेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुरेंद्र कुमार को निजी चिकित्सालय में पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी दया राम ठाकुर ने बताया कि ट्रैक्टर चालक बोरिंग मशीन को टोचन लगाकर उतराई में ला रहा था। उतराई में स्पीड अधिक होने से वह अपना संतुलन खो बैठा, जिससे वह गहरी खाई में जा गिरा।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ चिकित्सालय भेज दिया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।