राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 पर प्लानिया के समीप पेट्रोल पंप के मालिक से एक शातिर करीब साढे़ चार लाख रुपये के नोटों से भरे बैग को छीनकर मौके से फरार हो गया। मामला शनिवार देर रात का है। शिव फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप के मालिक अपने कार्यालय से रात के समय अकेला नोटों से भरा बैग लेकर पैदल घर जा रहा था।
उक्त व्यक्ति को अकेला देख, शातिर ने पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर दूरी पर उक्त व्यक्ति को धक्का दिया और बैग छीन कर मौके से फरार हो गया। उक्त व्यक्ति के चीखने-चिल्लाने के बाद मौके पर स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। इसके बाद पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।