नालागढ़ उपमंडल की पंचायत साई में आयोजित प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में लोगों ने स्थानीय प्रशासन की पोल खोलकर रखी दी। यही नहीं नेताओं द्वारा किए जाने वाले विकास के दावे भी यहां हवाई साबित हुए हैं। इस क्षेत्र के लोग करीब हर तरह की समस्या झेल रहे हैं। इसमें बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और लंबे अरसे से अटके पड़े विकास कार्यों को लोगों ने प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में रखा। यही नहीं कार्यक्रम में यह भी बात भी सामने आई है कि बद्दी तहसील में आने वाले लोगों के लिए अभी तक शौचालय की ही व्यवस्था नहीं हो पाई है।
कार्यक्रम में आई 160 शिकायतों में से सौ का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शिविर की अध्यक्षता डीसी सोलन राकेश कंवर ने की। शेष 60 मामले संबंधित विभागों को शीघ्र निपटारे के लिए भेजा जाएगा। शिविर में 4 इंतकाल, 14 हिमाचली प्रमाणपत्र, 11 जाति प्रमाणपत्र तथा 8 आय के प्रमाणपत्र बनाए गए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं तथा शिकायतों को शीघ्र दूर करें।
इस मौके पर जिप सदस्य सुमन शर्मा, नप अध्यक्ष बद्दी मदन चौधरी, पंचायत साई की प्रधान उर्मिला देवी, पंचायत गोयला प्रधान कृष्णा, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष नालागढ़ बलविंद्र ठाकुर, सौड़ी की प्रधान राजेंद्र कौर, पूर्व प्रधान राम प्रकाश, संजीव कुमार कुंडलस, उपमंडल अधिकारी नालागढ़ हरिकेश मीणा, एसपी बिशेर सिंह, जिला कल्याण अधिकारी बीएस ठाकुर, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी सुरेश सिंघा, जिला पंचायत अधिकारी विजय बरागटा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा जीवन शर्मा और उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा चंद्रेश्वर शर्मा मौजूद रहे।
शौचालय निर्माण पर 12 हजार की मदद
डीसी राकेश कंवर ने जल जनित रोगों से बचने के लिए पेयजल के स्रोतों को साफ तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आम जनता से घर-घर में शौचालय बनाने की अपील की। शौचालय बनाने के लिए सरकार 12000 रुपये की मदद देती है। मनरेगा के तहत शौचालय बनवाकर वह मजदूरी भी बचा सकता है।
पंदल तक बस चलाने के निर्देश
कार्यक्रम में शिकायत आई कि नालागढ़ से चलने वाले निगम की बस गोयला पन्नर तक ही जाती थी जबकि इसकी रूट पंदल तक था। बधोखर के उपप्रधान रमेश, दीगप के पवन कुमार, बधोखर के पूर्व प्रधान दलेल सिंह, धर्मवीर और सतीश कुमार ने डीसी से बस को पंदल तक चलाने की मांग की। इसे उन्होंने मौके पर ही स्वीकार कर आरएम को निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम में उठाईं लोगों ने समस्याएं
प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में भटोली पंचायत की प्रधान सोनू देवी और पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीसी से मुलाकात की।
इस दौरान लोगों ने पंचायत के डोगरांवाला में पानी की समस्या, नई योजनाओं के कार्य में तेजी लाने, दसोरा माजरा में ट्यूबवेल का कार्य शुरू करने, झाड़माजरी, पलांखवाला, दसोरा माजार और एलटी लाइन ठीक कराने, झाड़माजरी में हेल्थ सेंटर खोलने, सरकारी जमीन से नाजायज कब्जे हटाने, बद्दी तहसील में शौचालय की व्यवस्था करने, बुरांवाला, बलयाणा, दसोरा माजरा सड़क की हालत ठीक कराने और उद्योगों से निकलने वाले धुएं तथा पानी के प्रदूषण को रोकने की मांग की।
बद्दी-साई रूट पर चलाएं बस
सौड़ी पंचायत की प्रधान राजेंद्र कौर ने बद्दी-साई रूट पर बस सेवा शुरू करने, सौड़ी स्कूल में अध्यापकों के पद भरने, बिजली की लाइन दुरुस्त करने, सड़कों की हालत ठीक करने, ततोहा नदी पर पुल बनाने समेत दर्जनों मांगें रखीं। डीसी ने प्राथमिकता के आधार पर इन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।