रामशहर (सोलन)। साई पंचायत के उपप्रधान सोहन लाल ने पंचायत सचिव पर पंचायत कार्यालय में शराब पार्टी करने का आरोप लगाया है। पंचायत के उपप्रधान सोहन लाल ने बताया कि वह रविवार को शाम को पंचायत कार्यालय के पास से निकल रहे थे तो उन्होंने देखा कि पंचायत कार्यालय खुला है। पास जाकर देखा तो पंचायत सचिव कुछ लोगों के साथ शराब पी रहे थे। जब इस बाबत पूछताछ की तो उन्होंने उपप्रधान के साथ गाली गलौज और हाथापाई की, जिसमें उसके कपड़े फट गए। सोहन लाल ने बताया कि उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।
वहीं, पंचायत प्रधान मेहर चंद ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाला है, उसी से उन्हें इस बात का पता चला है। यह इनके बीच पुराना मामला है। इस विषय में खंड विकास अधिकारी विश्वदेव मोहन चौहान ने बताया कि उन्हें अभी तक किसी की लिखित शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है। जिसके आधार पर उन्होंने नोटिस भेजकर पंचायत प्रधान और पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है।