पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। झाड़माजरी के हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान सुभाष गुप्ता निवासी शिवालिक नगर झाड़माजरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार वीरवार को सुबह 10:00 बजे शिवालिक नगर निवासी सुभाष गुप्ता (72) पैदल झाड़माजरी की ओर जा रहे थे, तभी अचानक हनुमान मंदिर के समीप सामने से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। घायल अवस्था में सुभाष गुप्ता को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर सुभाष गुप्ता को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्रक को सीज कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।