सप्ताह पहले 120 और अब 150 रुपये किलो मिल रहा बीज
सब्जी मंडी से कर रहे सोलन, सिरमौर के किसान बीज की खरीद
इस बार अच्छे दाम मिलने से ज्यादा क्षेत्र में होगी लहसुन की बिजाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सब्जी मंडी सोलन समेत अन्य लहसुन बीज विक्रेताओं के पास अधिक मांग से दाम भी बढ़ गए हैं। एक सप्ताह पूर्व 120 रुपये प्रति किलो बिकने वाला बीज अब 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। जबकि पिछले वर्ष 100 रुपये दाम थे। कृषि विभाग ने भी 210 रुपये प्रति किलो में लहसुन के बीज की खरीद की है, जिसे वह 25 प्रतिशत अनुदान के साथ किसानों को बांट रहा है। लहसुन बीज के दाम बढ़ने का मुख्य कारण इस बार अधिक मांग बताई जा रही है। क्योंकि इस बार किसानों को लहसुन के अच्छे दाम मिले हैं।
जानकारी के अनुसार सोलन, सिरमौर, कुल्लू, सहित अन्य जिलों में सितंबर से अक्तूबर के बीच लहसुन की बिजाई का कार्य किया जाता है। इसके कुछ क्षेत्रों में यह कार्य शुरू भी हो गया है। जिला सोलन में हर वर्ष लहसुन का करोड़ों रुपये का कारोबार होता हैं। सोलन, सिरमौर का लहसुन सोलन मंडी से देश सहित विदेश को भी सप्लाई किया जाता हैं। जिला सोलन के करीब 400 हेक्टेयर भूमि पर लहसुन की पैदावार की जाती हैं। कृषि विभाग सोलन के पास भी बीज की सप्लाई पहुंच गई है। जिसे सभी कृषि केंद्रों पर मांग के अनुसार भेजा जा रहा है। हालांकि जिला सोलन, सिरमौर के अधिकतर किसान लहसुन के बीज की खरीद बाजार से ही करते हैं। सोलन सब्जी मंडी से भी किसान लहसुन बीज की खरीद कर रहे हैं।