नालागढ़ (सोलन)। नगर परिषद नालागढ़ की बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई बैठक में सफाई कंपनी को नोटिस जारी करने का फैसला लिया गया।
अगर इसके बाद भी सफाई कंपनी के रवैया में सुधार नहीं आया तो उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। नगर परिषद की बैठक अध्यक्ष रीना शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी पार्षदों ने नालागढ़ बाजार में गंदगी को लेकर सवाल उठाए। पार्षदों ने कहा कि कई बार कहने के बावजूद सफाई सही नहीं हो रही है। बैठक में फैसला लिया कि पहले सफाई कंपनी से संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा। अगर इसके बावजूद कार्य प्रणाली में सुधार नहीं आया तो मजबूरन उच्च अधिकारियों को शिकायत करनी पड़ेगी।
बैठक में सभी पार्षदों को विकास कार्य प्राथमिकता से करने पर प्रस्ताव पारित किया गया। पार्षदों से उनकी दो प्राथमिकताएं पूछी गईं। अब उन कार्यों पर तुरंत टेंडर कर काम शुरू किया जाएगा।
बैठक में विधवा पेंशन और बुढ़ापा पेंशन के सात मामले स्वीकृत किए गए। आनलाइन सही पाए जाने वाले सभी नक्शे पास करने पर भी सहमति जताई। डेंगू की आशंका को देखते हुए फॉगिंग मशीन खरीदने का भी फैसला लिया। बैठक में उपाध्यक्ष तारा अवस्थी, शालिनी शर्मा, वंदना बंसल, संजीव शर्मा, महेश गौतम, अमरेंद्र सिंह, सहर शर्मा, सौरभ धीमान, अनिल आरोड़ा, सूरज बिष्ट और ईओ आरएस वर्मा भी उपस्थित रहे।