अर्की/सोलन। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, मुद्रण तथा लेखन सामग्री मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण करवाने का आह्वान किया। राजेंद्र गर्ग देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर सोलन जिला के अर्की में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
राजेंद्र गर्ग ने अर्की के चौगान में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस एवं गृहरक्षा जवानों के भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उपनिरीक्षक मुनीष कुमार ने परेड का नेतृत्व किया। उन्होंने इससे पूर्व नागरिक चिकित्सालय अर्की के समीप शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की।
गर्ग ने इस अवसर पर अर्की उपमंडल के बातल गांव के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कांशी राम की पत्नी द्रोपती देवी, धारजटां गांव के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बद्री सिंह की पत्नी दुर्गी देवी, धरैल गांव के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय शांगरू राम की पत्नी शांति देवी, हाटकोट के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय संतराम की पत्नी चिंतामणि तथा हाटकोट की रामेश्वरी को सम्मानित किया।
उन्होंने अर्की उपमंडल के बपडौण के निवासी पूर्व सैनिक कैप्टन पदम देव ठाकुर, बातल निवासी नायब सूबेदार बाबूलाल अंगिरस, मांझू के निवासी हवलदार भगवान दास (सेना मेडल), भराड़ीघाट के निवासी सूबेदार भुंगर राम भाटिया तथा बखालग निवासी नायब सूबेदार गोपाल पाठक को भी सम्मानित किया। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव पर सभी को शपथ भी दिलाई। गर्ग ने कहा कि राज्य में 3 लाख 17 हजार परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
समारोह में अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल, जिला परिषद सदस्य आशा परिहार, भुवनेश्वरी शर्मा, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद, डीके उपाध्याय, प्रदेश किसान मोर्चा के सचिव दलीप पाल, रमेश ठाकरु, भाजयुमो के पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया सम्मानित
मंत्री राजेंद्र गर्ग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्वच्छ भारत मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए विकास खंड सोलन की ग्राम पंचायत भारती, विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत घनागुघाट, विकास खंड कंडाघाट की ग्राम पंचायत सिरीनगर, विकास खंड धर्मपुर की ग्राम पंचायत धर्मपुर तथा विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत रामशहर को सम्मानित किया।
उन्होंने जल संचय एवं जल संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया। गर्ग ने कबड्डी की खिलाड़ी पूजा ठाकुर को 70 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा के अभिनंदन चंदेल को 10 हजार रुपये, जसपाल सिंह को 10 हजार रुपये, राजकीय माध्यमिक पाठशाला माजरा के लखविंद्र सिंह तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोठी कांगटी के पवन चौहान को 10-10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। ये सभी खिलाड़ी हिमाचल की कबड्डी टीम के सदस्य थे। वरिष्ठ राष्ट्रीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक के लिए नवगांव की निधि शर्मा तथा जखेड़ की ज्योति को 50-50 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया। स्वच्छ हिमाचल अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करने के लिए राजकीय डिग्री कॉलेज अर्की की छात्रा अंजलि वर्मा, पोस्टर मेकिंग में तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा वनीता, नारा लेखन में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बीए तृतीय वर्ष की छात्रा दीक्षा कुमारी तथा निबन्ध लेखन में तृतीय स्थान पर रही बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा वंदना नेगी को सम्मानित किया। मंत्री ने जिला पुलिस सोलन के 13 कर्मियों को सम्मानित किया। कोविड-19 महामारी के दौरान प्रशंसनीय कार्य के लिए गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के अवैतनिक पलाटून कमांडर दलीप कुमार, गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के गृह रक्षक चनण सिंह तथा इसी वाहिनी के गृह रक्षक ओम प्रकाश को सम्मानित किया। उन्होंने दमकल केंद्र परवाणू में कार्यरत प्रशामक अरुण सिंह, प्रशामक मनोज कुमार और दमकल केंद्र बद्दी के प्रशामक कुलदीप सिंह को समय-समय पर आग लगने की घटनाओं के दौरान बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया।
उन्होंने बद्दी में कूड़ेदान में मिली एक लावारिस बच्ची की जान बचाने के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय की पीओ सुमन ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता उर्मिला देवी, तथा आउटरीच वर्कर किरण बाला को सम्मानित किया। गर्ग ने चाइल्ड लाइन सोलन की समन्वयक अनीता शर्मा तथा शान्ति निकेतन बाल गृह एवं विद्यालय सुबाथू की निदेशक लाहल मुन्लियानी को अनुकरणीय मानवीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कोविड-19 संकट के दौरान सोलन में प्रदान की गई अनुकरणीय सेवाओं के लिए गूंज रैपिड एक्शन टीम को भी सम्मानित किया। उन्होंने कोविड-19 संकट के दौरान कमजोर वर्गों सहित जरूरतमंदों तक भोजन एवं दवाएं पहुंचाने के लिए सोलन की पहल फाउंडेशन को भी सम्मानित किया।