परवाणू कसौली मार्ग पर बारिश से गिरा मलबा। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर बारिश के दौरान कई जगहों पर पत्थर और मलबा गिरा है। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के चलते सड़क पर गिरे पत्थर और मलबे से सड़क बाधित नहीं हुई है। बारिश में लगातार भूस्खलन हुआ है।
गनीमत रही कि भूस्खलन से किसी नुकसान की सूचना नहीं है। बारिश के बीच ही फोरलेन निर्माता कंपनी की टीमों ने सड़क से पत्थर और मलबा हटाया। परवाणू-जंगेशु और कसौली मार्ग फिर से बंद हो गया है। लोनिवि ने इसे खोलने का कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार परवाणू-सोलन फोरलेन के बीच चक्की मोड़ से सनवारा के बीच पहाड़ियों के दरकने के मामले आए हैं। इनमें अधिक भूस्खलन रेल ओवर ब्रिज के समीप हुआ जहां पर अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे।
बारिश के बीच गिर रहे पत्थर और मलबे के चलते हाईवे पूरी तरह सुचारु रहा। इन सभी जगहों पर फोरलेन निर्माता कंपनी की टीमें मशीनों के साथ तैनात रहीं। इसी के साथ टीमों ने तुरंत मलबा और पत्थरों को किनारे किया।
उधर, फोरलेन निर्माता कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ई. बलविंद्र सिंह ने बताया कि चक्की मोड़ से सनवारा तक पहाड़ से पत्थर गिरे हैं। कंपनी की टीमें हाईवे पर तैनात है जिन्होंने तुरंत मलबा और पत्थरों को हटाया।
परवाणू-जंगेशू-कसौली रोड बंद
परवाणू-जंगेशू-कसौली सड़क भूस्खलन के कारण बंद हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग को दी। रविवार को बारिश के बीच लगभग अढ़ाई बजे निजी होटल के समीप सड़क पर पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा आ गया।
इस दौरान कोई भी वाहन सड़क से नहीं गुजर रहा था जिससे बड़ा हादसा होने से टला। लोक निर्माण विभाग कसौली के अधिशासी अभियंता ई. मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि परवाणू-जंगेशू-कसौली सड़क पर भूस्खलन हुआ है। बारिश हटने के बाद तुरंत सड़क को सुचारु किया जाएगा।