सोलन। कालका-शिमला एनएच पर सोलन बाईपास में पुलिस ने कुल्लू निवासी व्यक्ति को 33.66 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गश्त के दौरान की है। दिल्ली की टैक्सी से युवक हिमाचल आ रहा था। पुलिस टैक्सी चालक से भी इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सोलन की टीम गश्त पर थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुनाल शर्मा दिल्ली से सोलन की ओर आ रहा है जो दिल्ली से भारी मात्रा में चिट्टा ला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सोलन बाईपास में दोहरी दीवार पर नाकाबंदी कर टैक्सी को रोका। इस दौरान पुलिस ने जब टैक्सी चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह दिल्ली से रामपुर के लिए बुकिंग पर आया है। वहीं जब पुलिस ने पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति से पूछताछ कर उसकी तलाशी ली तो उससे 33.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। उधर, मामले की पुष्टि एसपी सोलन अभिषेक यादव ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लेने की मांग की जाएगी।