सोलन। पर्यटन क्षेत्र कसौली की मार्केट को पहला क्लीन स्ट्रीट फूड हब बनाया गया है। प्रदेश में किसी मार्केट को पहला लाइसेंस एफएसएसएआई से जारी किया गया है। कसौली की हेरिटेज मार्केट में 25 खाद्य दुकानों को कैंपेन के तहत चयनित कर ऑडिट किया था।
अब कसौली को लाइसेंस जारी हो गया। लाइसेंस मिलने के बाद खाद्य पदार्थों से जुड़े दुकानदार नियमों के अनुसार ही कार्य करेंगे। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को बनाने से लेकर बेचने तक का कार्य जारी निर्देशों के मुताबिक होगा। योजना से फूड विक्रेताओं को फायदा मिलेगा, वहीं लोगों को स्वच्छ और सेहतमंद खान-पान की चीजें उपलब्ध होंगी।
जानकारी के अनुसार हर जिले में योजना के तहत कार्य शुरू किया है। ईट राइट कैंपेन मेें प्रमुख स्थलों को विभाग ने चयन किया है। सोलन में पहले चरण में पर्यटन क्षेत्र कसौली की हेरिटेज मार्केट चयनित हुई है। हेरिटेज मार्केट में विक्रेताओं को विभाग ने सूचना दे दी है। एफएसएसएआई से आठ फरवरी 2024 तक कसौली की मार्केट को क्लीन स्ट्रीट फूड हब घोषित किया है।
उधर, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि कसौली को क्लीन स्ट्रीट फूड हब का लाइसेंस जारी हुआ है। यहां पर खाद्य पदार्थों को बनाने वालों को नियमानुसार कार्य करना होगा। इसके बारे में ट्रेनिंग में बताया जा चुका है। एफएसएसएआई ऑडिट के बाद लाइसेंस जारी हुआ है। (संवाद)
सभी के पास खाद्य लाइसेंस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कसौली की हेरिटेज मार्केट को अभियान में शामिल करने के बाद पानी और खाद्य पदार्थों के सर्विलांस के आधार पर सैंपल जांच के लिए भरे थे। ये सैंपल पास हुए हैं। इसी के साथ दुकानदारों के लाइसेंस भी रिन्यू किए गए जबकि हर तीन माह बाद पानी और खाद्य पदार्थों के सैंपल जांचे जाएंगे। इसी के साथ सभी दुकानदारों के पास खाद्य लाइसेंस होंगे। इनकी डिटेल भी ऑनलाइन ली जा सकेगी।